हिलेरी की व्हाइट हाउस की डगर हुई मुश्किल
अगले साल व्हाइट हाउस पहुंचने की हिलेरी क्लिंटन की राह दिनोंदिन कठिन होती जा रही है। ई-मेल विवाद का असर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने के उनके अभियान पर अब साफ दिखने लगा है।
वाशिंगटन। अगले साल व्हाइट हाउस पहुंचने की हिलेरी क्लिंटन की राह दिनोंदिन कठिन होती जा रही है। ई-मेल विवाद का असर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने के उनके अभियान पर अब साफ दिखने लगा है। दावेदारी की घोषणा करने के बाद पहली बार पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री की लोकप्रियता में भारी गिरावट दर्ज की गई।
एबीसी न्यूज व वाशिंगटन पोस्ट के ताजा सर्वे में उनकी लोकप्रियता में सात फीसद की कमी देखी गई है। इस सर्वे में 45 फीसद अमेरिकी ही उनके पक्ष में खड़े नजर आए। हालांकि डेमोक्रेट दावेदारों में अभी भी वे आगे चल रहीं हैं। डेमोक्रेट मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता आठ फीसद गिरकर 39 पर पहुंच गई है। यह सर्वेक्षण 26-30 अगस्त के बीच किया गया। इससे पहले के सभी सर्वेक्षणों में हिलेरी की लोकप्रियता में लगातार इजाफा देखने को मिला था।
पढ़ेः राष्ट्रपति चुनाव में कूद सकते हैं जो बिडेन
विदेश मंत्री रहते आधिकारिक कामकाज के लिए निजी अकाउंट के इस्तेमाल के मामले में हिलेरी की विश्र्वसनीयता अब सवालों के घेरे में आ गई है। बदले हालात में उपराष्ट्रपति जो बिडेन के अगले साल होने वाले चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। रायटर व इप्सोसिस के ताजा सर्वे में 38 फीसद डेमोक्रेट मतदाताओं ने कहा है कि यदि हिलेरी की दावेदारी कमजोर पड़ती नजर आई तो वे बिडेन का समर्थन करेंगे। बुधवार को बिडेन के साउथ फ्लोरिडा दौरे को भी उनकी दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि औपचारिक तौर पर उन्होंने अभी तक अपनी दावेदारी की घोषणा नहीं की है।