चीन ने एससीओ में भारत और पाक की सदस्यता का किया समर्थन
चीन ने कहा है कि कि वह शंघाई सहयोग संगठन में भारत और पाकिस्तान के प्रवेश का समर्थन करता है।
बीजिंग, प्रेट्र : चीन ने बुधवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में भारत और पाकिस्तान के प्रवेश का समर्थन किया। उसने कहा कि वह दोनों देशों को शामिल करने प्रक्रिया पूरी करने के लिए अन्य सदस्यों के साथ काम करने को इच्छुक है।
पढ़ें: चीन का यू टर्न, बोला- NSG में भारत के शामिल होने पर नहीं है ऐतराज
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग ली ने कहा कि पिछले साल रूस के ऊफा शहर में हुए एससीओ शिखर सम्मेलन में भारत और पाकिस्तान को इस संगठन में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने कहा, 'चीन दोनों देशों के एससीओ में शामिल होने का समर्थन करता है। चीन इसके लिए एससीओ के सदस्यों के साथ काम करना चाहता है। साथ ही भारत और पाकिस्तान भी इसके लिए काम करें।' उन्होंने कहा कि छह सदस्यीय इस समूह में शामिल होना दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण है।
होंग का बयान 23-24 मई को उजबेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में होने वाली एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के एक सप्ताह पहले आया है। चीन, कजाकिस्तान, रूस, किर्गिजिस्तान, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान एससीओ के सदस्य हैं। भारत, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, ईरान और मंगोलिया इसमें पर्यवेक्षक हैं।