चीन निर्मित विशाल यात्री विमान सी-919 पहली उड़ान भरने को तैयार
सी-919 शंघाई शहर के फूथोंग अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपनी पहली उड़ान भरेगी। टीवी पर इससे संबंधित समारोह के लाइव होने की संभावना है।
बीजिंग, रॉयटर्स। चीन द्वारा निर्मित विशाल यात्री विमान सी-919 आज अपनी पहली उड़ान भरने को तैयार है। यह लंबे समय से प्रतीक्षित था। बीजिंग के लिए यह बहुत बड़ा कदम है। इससे वैश्विक विमानन बाजार में चीन का कद और बढ़ जाएगा। सी-919 शंघाई शहर के फूथोंग अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपनी पहली उड़ान भरेगी। टीवी पर इससे संबंधित समारोह के लाइव होने की संभावना है।
चीन ने 2007 में इस यात्री विमान का निर्माण करने की योजना बनाई थी। वर्ष 2015 के अंत तक सी-919 की असेंबलिंग पूरी हो गई थी। चीनी तकनिशयनों ने इस विमान में 102 उन्नतिशील तकनीकों का प्रयोग किया। मार्च, 2017 में यह विमान विशेषज्ञों की तकनीकी समीक्षाओं से गुजरा और अब यह अपनी पहली उड़ान भरने को तैयार है।
हालांकि कमर्शियल एयरक्रॉफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना द्वारा निर्मित यह विमान 2014 से अब तक कम से कम दो बार उड़ान परीक्षण के लिए स्थगित किया जा चुका है। वैसे चीन ने नवंबर, 2015 में शंघाई में आयोजित एक समारोह में पूरी दुनिया को इस विमान की झलक दिखला दी थी। इसमें 158 से 163 यात्री सवार हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: लाइव सुसाइड के बढ़ते मामले पर फेसबुक ने उठाया ये कदम