ब्रिटिश गर्ल ने जीता अपनी लाश को सुरक्षित रखने का मुकदमा !
हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने अपने आदेश में लड़की की मां को शव को मर्जी के मुताबिक रखने या अंतिम संस्कार करने का अधिकार दिया है।
लंदन, रायटर : ब्रिटेन की 14 वर्षीय लड़की ने अपनी मौत से पहले अदालत से वह अधिकार पा लिया जिससे उसका शव बर्फ में जमाव बिंदु से कम तापमान में रखकर उसके फिर से जिंदा होने का इंतजार किया जाएगा। लड़की की इस सोच के साथ उसकी मां थी लेकिन पिता नहीं। हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने अपने आदेश में लड़की की मां को शव को मर्जी के मुताबिक रखने या अंतिम संस्कार करने का अधिकार दिया है। कैंसर से पीडि़त इस लड़की की अक्टूबर में मौत हुई।
लंदन में रहने वाली इस लड़की का नाम कानूनी वजहों से सार्वजनिक नहीं किया गया है। लड़की की मां उसके मृत शरीर को लेकर अमेरिका चली गई है, जहां पर शव को शून्य से बहुत कम तापमान पर सुरक्षित रखा जाएगा। इस तापमान पर शरीर का कोई भाग नहीं बिगड़ता। डीप फ्रीजर में शव को इस विश्वास के साथ रखवाया जाता है कि जब कभी धरती पर प्रलय आएगी या अकल्पनीय हालात बनेंगे, तब उनमें फिर से जान आ जाएगी।