बोको हराम ने 192 बंधकों को रिहा किया
बोको हराम ने 192 बंधकों को मुक्त कर दिया है। रिहा किए गए लोगों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं जिन्हें पूर्वोत्तर नाइजीरिया के योबे प्रांत से अगवा किया गया था।
कानो (नाइजीरिया)। बोको हराम ने 192 बंधकों को मुक्त कर दिया है। रिहा किए गए लोगों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं जिन्हें पूर्वोत्तर नाइजीरिया के योबे प्रांत से अगवा किया गया था।
मीडिया रिपोर्टो में स्थानीय लोगों के हवाले से कहा गया है कि छह जनवरी से बंदी बनाकर रखे गए लोगों को प्रांतीय राजधानी दमातुरु से 20 किमी दूर कोटार्को से अगवा कर लाया गया था। महिलाएं और बच्चों का अपहरण किया गया था। उल्लेखनीय है कि बोको हराम ने 25 पुरुषों को मार डाला था।
कोटार्को समुदाय के एक नेता गोनी मारी ने कहा, '192 लोगों को रिहा कर दिया है। इन लोगों को चार ट्रकों से लाया गया और दमातुरु से आठ किमी पहले गिरवुवा गांव के समीप छोड़ दिया।' छोड़े गए लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
गौरतलब है कि बोको हराम के आतंकियों ने बीते छह जनवरी को दो से अधिक लोगों को अगवा कर लिया था। प्रांत के गवर्नर अब्दुल्लाही बिओ के अनुसार कम से कम 20 अन्य लोग अभी बोको हराम के कब्जे में है। पिछले सप्ताह जर्मनी के एक नागरिक को कैमरून में रिहा कर दिया गया था। इस नागरिक का जुलाई में नाइजीरिया के अदामावा प्रांत में अपहरण कर लिया गया था।