ईसाई-मुस्लिम का एक ही ईश्र्वर बताने वाली प्रोफेसर ने कॉलेज छोड़ा
यहां एक क्रिश्चियन कॉलेज में राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता लारिसिया हॉकिंस संस्थान से अलग होने पर सहमत हो गई हैं। गत वर्ष वह एक टिप्पणी के बाद विवादों में आ गईं थीं, जिसमें उन्होंने ईसाइयों और मुस्लिमों का एक ही गॉड (ईश्वर) बताया था।
शिकागो, एपी : अमेरिका में शिकागो के निकट एक क्रिश्चियन कॉलेज में राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता लारिसिया हॉकिंस संस्थान से अलग होने पर सहमत हो गई हैं। दरअसल, गत वर्ष हॉकिंस अपनी उस टिप्पणी के बाद विवादों में आ गईं थीं, जिसमें उन्होंने ईसाइयों और मुस्लिमों का एक ही गॉड (ईश्वर) बताया था। उस समय तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉलेज प्रशासन ने उन्हें छुट्टी पर भेज दिया था।
वीटन लिबरल आर्ट्स कॉलेज ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा है कि कॉलेज और डॉ. लारिसिया के बीच एक ‘गोपनीय समझौता’ हुआ है। इसके तहत अब वह कॉलेज का हिस्सा नहीं रहेंगी। हॉकिंस की ओर से जारी बयान में भी कहा गया है कि वीटन कॉलेज के प्रति सम्मान के चलते उन्होंने यह फैसला किया है।
ये भी पढ़ें- वेटरिनरी कॉलेज में अब नीलाम नहीं होगा गोवंश
हॉकिंस ईसाई धर्म से हैं, बावजूद इसके वह हिजाब पहनती थीं। गत वर्ष दिसंबर में उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ईसाई और मुस्लिम एक ही ईश्वर को मानते हैं। कॉलेज अधिकारियों ने उस समय उनके विचारों को असंगत करार दिया था। शिकागो से करीब 50 किमी दूर स्थित वीटन कॉलेज ने तब कहा था कि वह उन्हें बर्खास्त करने की कार्यवाही शुरू करेगा, लेकिन संकाय ने इसका विरोध किया था।