99 प्रतिशत प्रकाश सोखने वाली फिल्म विकसित
सिडनी यूनिवर्सिटी के विज्ञानियों ने नई फिल्म की क्षमता का प्रदर्शन भी किया। उन्होंने दिखाया कि एक महीन सेमीकंडक्टर फिल्म में 99 प्रतिशत तक प्रकाश का अवशोषण हुआ।
मेलबर्न, प्रेट्र। विज्ञानियों ने प्रकाश की अवशोषक ऐसी परिपूर्ण और महीन फिल्म विकसित की है जो कम लागत की इंफ्रारेड तकनीक का विकास करेगी। इससे रात को देखने में सहायक उपकरणों का स्तर कई गुणा बढ़ाया जा सकेगा।
सिडनी यूनिवर्सिटी के विज्ञानियों ने नई फिल्म की क्षमता का प्रदर्शन भी किया। उन्होंने दिखाया कि एक महीन सेमीकंडक्टर फिल्म में 99 प्रतिशत तक प्रकाश का अवशोषण हुआ। वर्तमान में उपलब्ध फिल्म में प्रकाश अवशोषण की क्षमता केवल 7.7 प्रतिशत ही है। फिल्म की मोटाई मानव बाल के दो हजारवें हिस्से जितनी है।
इंफ्रारेड उपकरणों को धुंध और रात के समय देखने में इस्तेमाल किया जाता है। कुछ ऐसे निरीक्षणों में इनका प्रयोग होता है जो सामान्य प्रकाश में नहीं किए जा सकते। उच्च क्षमता के ऐसे उपकरणों की कीमत एक लाख डॉलर तक होती है। कुछ उपकरणों को शून्य से दो सौ डिग्री नीचे तापमान में रखना पड़ता है। नई उपलब्धि से रक्षा व कृषि क्षेत्र में इस कार्य में हर साल करोड़ों डॉलर की खर्च कटौती संभव हो सकेगी।
विशेष विधि से फिल्म को ऐसा आकार दिया गया है जिससे प्रकाश हर कोण से प्रवेश करता है और उसका लगभग सारा भाग अवशोषित हो जाता है। शोध जर्नल ऑप्टिका में प्रकाशित हुआ।