दिल्ली नगर निगम की 13 सीटों के लिए उपचुनाव 15 मई को
दिल्ली नगर निगम के 13 वार्डों में उपचुनाव की तारीख का एलान हो गया है। आगामी 15 मई को मतदान और 17 मई को मतगणना होगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली हाई कोर्ट के बाद दिल्ली नगर निगम के 13 वार्डों में उपचुनाव की तारीख का एलान हो गया है। आगामी 15 मई को मतदान होगा और 17 मई को मतगणना होगी। चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 18 अप्रैल से शुरू हो जाएगी।
नगर निगम उपचुनाव को अगले वर्ष होने जा रहे दिल्ली नगर निगम के चुनाव से पहले भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के लिए निगम उपचुनाव रिहर्सल के तौर पर माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इसी साल जनवरी महीने में तीन माह के भीतर उपचुनाव कराने का आदेश दिया है। मुख्य न्यायाधीश जी. रोहिणी व न्यायमूर्ति जयंत नाथ की पीठ ने सरकार से उस तर्प को खारिज कर दिया था कि वर्तमान वित्त वर्ष में फंड आवंटित करना मुश्किल है। ऐसे में निगम के अगले वर्ष होने वाले आम चुनाव सितम्बर-अक्तूबर 2016 में करा लिए जाएं।
हालांकि फरवरी 2017 में दिल्ली के तीनों नगर निगमों में चुनाव होने हैं, इसलिए अगर मई 2016 तक उपचुनाव होते भी हैं तो निगमों के कामकाज पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ने वाला।