बिहार चुनाव : सपा, बसपा और राकांपा की प्रतिष्ठा दांव पर
बिहार विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
पटना। बिहार विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सिर्फ इसलिए नहीं कि ये पार्टियां कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं, बल्कि इसलिए भी कि राजग बनाम महागठबंधन की लड़ाई में इन्हें कितनी सीटों पर कामयाबी मिलती है।
पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद सपा, बसपा एवं राकांपा को अगले चरणों के मतदान में खासी मेहनत करनी पड़ रही है, क्योंकि इन दलों के नेताओं का मानना है कि हम केवल 'वोटकटवा' बनकर नहीं, बल्कि लड़ाई को निर्णायक मुकाम देने की ताकत रखते हैं।
बसपा के गौतम खरवार के मुताबिक बिहार प्रदेश की चुनावी रेस में अकेले दम पर बसपा 229 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 23 अक्टूबर को बगहा व गोपालगंज, 25 अक्टूबर को बख्तियारपुर एवं बक्सर, 27 अक्टूबर को मधुबन और बरुराज में बसपा प्रमुख मायावती की चुनावी सभा होगी। अगले तीन चरणों के चुनाव प्रचार अभियान की कमान पार्टी प्रमुख ने प्रांतीय नेताओं को सौंप दी है।
सपा के राष्ट्रीय सचिव नैयर आजम के अनुसार दो चरणों के मतदान के बाद अब आगे के मुकाबले के लिए सपा तैयार है। सपा 146 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। लड़ाई को धार देने के लिए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव जल्द ही चुनावी सभाएं करने वाले हैं। दोनों नेताओं के कार्यक्रमों का एलान जल्द होगा।
राकांपा 42 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। किशोर झा के मुताबिक प्रचार की कमान पार्टी महासचिव एवं सांसद तारिक अनवर संभाले हुए हैं। पार्टी प्रमुख शरद पवार पांचवें चरण के मतदान से पहले सीमांचल में चुनाव प्रचार करने आएंगे। उन्होंने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। शरद पवार की एक सभा कटिहार में होगी।