अमित शाह की मुलायम सिंह को खुली चुनौती
लखनऊ (जागरण ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हाल ही में हुए विधानस
लखनऊ (जागरण ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हाल ही में हुए विधानसभा के उपचुनाव में सपा को मिली कामयाबी पर तंज करते हुए कहा है कि नेताजी (मुलायम सिंह) को नतीजों से कोई खुशफहमी हो गई है तो उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव करा कर देख लें, हकीकत पता चल जाएगी। उन्होंने सपा सुप्रीमो को विधानसभा चुनाव करा लेने की खुली चुनौती दी है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक के बाद शाम को प्रदेश भाजपा मुख्यालय से एयरपोर्ट रवाना होने के पहले संवाददाताओं से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर अभी कोई चिंता नहीं है। अभी प्राथमिकता झारखंड के चुनाव हैं। यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के पास नेतृत्व के लिए कोई चेहरा नहीं है, शाह ने कहा कि जब चुनाव होंगे तब चेहरा भी सामने आ जाएगा।
राम मंदिर निर्माण के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जो कुछ दत्तात्रेय होसबोले ने कहा है, वही ठीक है। कुरेदे जाने पर उन्होंने कहा कि संघ के वक्तव्य या दृष्टिकोण पर प्रतिक्रिया देने के लिए वह अधिकृत नहीं हैं। महाराष्ट्र व हरियाणा विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर अमित शाह ने कहा कि एक दिन बाद नतीजे सामने आएंगे, ऐसे में कुछ कहने की कोई जरूरत नहीं है।