केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : किसानों की मांगों को न मानने व दिनप्रतिदिन बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को फिरोजपुर में बीजेपी के किसान मोर्चे की ओर से रोष मार्च निकाला गया।
इसके साथ ही सैकड़ों किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ डीसी दफ्तर का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया। धरने की अगवाई मोर्चे के प्रदेश महासचिव सुरजीत सिंह सदरदीन ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश का किसान कर्ज तले दबता जा रहा है। जिससे किसानों को अब खेती करने मे भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का महंगाई पर कोई कंट्रोल नहीं है। इसी कारण आए दिन डीजल व पेट्रोल के दाम बढ़ते जा रहे हैं। राज्य मे मानसून की भारी कमी के कारण सूखे जैसे हालात बनते जा रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार सूखा राहत कोष की कोई घोषणा नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि केंद्र के खिलाफ मोर्चा बीस अगस्त को दिल्ली में रोष प्रदर्शन करेगा।
प्रदर्शन के बाद मोर्चा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम गुरजीत सिंह पन्नू को मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर बीजेपी के जिला प्रधान नतिंदर मुखिजा, हरदेव सिंह, जसवंत सिंह, कुलदीप सिंह विर्क, जगतार सिंह, बलबीर सिंह, करनैल सिंह, सुरजीत सिंह आदि मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर