अंबेडकर का जन्मदिन बनाया जाएगा यादगार
जागरण संवाददाता, जम्मू : संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए बसपा
जागरण संवाददाता, जम्मू : संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए बसपा पहली बार अंबेडकर की जीवनी पर शोभायात्रा निकालेगी। 14 अप्रैल को उनके जन्मदिन को संगठित दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसी दौरान ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह चौक से शोभायात्रा निकलेगी जिसमें करीब सौ झांकियां शामिल होंगी। चार दर्जन झांकिया बीआर अंबेडकर की जीवनी पर ही आधारित होंगी। खास बात यह कि पार्टी डॉ. अंबेडकर के बचपन से लेकर संविधान लिखने तक के सफर को बेहतर तरीके से लोगों में प्रस्तुत करना चाहती है। इसलिए सत्याग्रह, शिक्षा, संविधान लिखने की गाथा, दलितों के अधिकारों के लिए किए संघर्ष को शोभा यात्रा में प्रमुखता से जगह दी जाएगी। दलित समाज के विभिन्न गुरुओं की झांकिया में इस कार्यक्रम में होंगी। शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए ऊंट की सवारी, रथ का भी समावेश किया जाएगा। प्रदेश के बाहर से अंबेडकर के अनुयायी लोगों को शोभायात्रा में शरीक कराने के लिए निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी के शोभा यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारी आरंभ कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष तरसेम खुल्लर ने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर ने इस देश को संविधान दिया व वही दलितों को अधिकार दिलाए। शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने ऊंचाईयों को छुआ। ऐसे में हम इस महान पुरुष की महानता से जन-जन को अवगत कराया जाना चाहिए। बहुजन समाज पार्टी इसी दिशा में पहल करने जा रही है।