नेकां और कांग्रेस के बीच बढ़ी खटास
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पीएचई मंत्री शाम लाल शर्मा के इस्तीफे के बाद कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस में
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पीएचई मंत्री शाम लाल शर्मा के इस्तीफे के बाद कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस में बढ़ती खटास के बीच शनिवार को युवा कांग्रेसियों ने वित्त मंत्री अब्दुल रहीम का पुतला फूंका। वहीं, नेकां नेता देवेंद्र सिंह राणा और अब्दुल रहीम राथर ने कांग्रेस नेता पर वोटों की सियासत का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को पीएचई मंत्री शाम लाल शर्मा ने अब्दुल रहीम राथर पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बजाय पार्टी प्रमुख प्रो. सैफुद्दीन सोज को सौंपा था।
शाम लाल ने अपने इस्तीफे के लिए अब्दुल रहीम राथर को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह अस्थायी और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की सेवाओं को नियमित करने की कैबिनेट उपसिमिति की सिफारिशों पर अमल में रुकावट बने हुए हैं।
अब्दुल रहीम राथर ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि अगर मुझे एतराज होता तो मैं कैबिनेट उपसमिति की बैठक में ही इन सिफारिशों को खारिज कर देता। मैं ही उस कैबिनेट उपसमिति का अध्यक्ष हूं, जिसने राज्य में 62 हजार अस्थायी, दैनिक वेतनभोगी और आवश्यकता अनुरूप नियुक्त कर्मियों की सेवाओं को नियमित बनाने की सिफारिश की है।
शाम लाल शर्मा विधानसभा चुनावों के दौरान अपनी सीट बचाने के लिए ही इस मामले को तूल दे रहे हैं।
नेकां के प्रांतीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि शाम लाल शर्मा का इस्तीफा सिर्फ चुनावी स्टंट है। वह विधानसभा चुनावों के लिए यह हंगामा कर रहे हैं। चर्चा तो उनकी कांग्रेस छोड़ने की भी है।
शाम लाल शर्मा ने अब्दुल रहीम राथर और देवेंद्र सिंह राणा के आरोपों को नकारा। उन्होंने कहा कि देवेंद्र सिंह राणा एक अच्छे बिजनेसमैन हैं, वह सियासत को भी बिजनेस की तरह ही चलाना चाहते हैं। मैं कांग्रेसी हूं और कांग्रेसी ही रहूंगा। मैंने सरकार से इस्तीफा दिया है, पार्टी से नहीं।
इस बीच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आबिद कश्मीरी के नेतृत्व में अब्दुल रहीम राथर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और उनका पुतला फूंका।