वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत
रामगढ़ : स्थानीय कांकेबार के पास नेशनल हाइवे 33 पर शुक्रवार की देर रात किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उधर बारलौंग में गत दिवस शुक्रवार को हुई दुर्घटना में घायल छह लोगों में से एक की मौत शनिवार को रिम्स में हो गई।
कांकेबार में मृत लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त शाम तक नहीं हो पाई है। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए जांच-पड़ताल कर रही है। हमारे दुलमी संवाद सूत्र के अनुसार रजरप्पा थाना क्षेत्र के ईचातु ग्राम निवासी 22 वर्षीय चंद्रपाल महतो की मौत शनिवार को रिम्स में इलाज के दौरान हो गई। वह शुक्रवार को बारलौंग में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ था। चंद्रपाल का शव शनिवार को दोपहर लगभग तीन बजे गाव ईचातु पहुंचा। उसका विवाह छह माह पूर्व चितरपुर की सरोज कुमारी के साथ था। मालूम हो कि शुक्रवार को चंद्रपाल बाईक से अपनी साली ममता व कलावती कुमारी को मैट्रिक की परीक्षा दिलाकर चितरपुर अपनी ससुराल वापस आ रहा था। इसी क्रम में बारलौंग के पास विपरीत दिशा से आ रही बाईक से जोरदार सीधी टक्कर हो गई।