छत्रपति शिवाजी थे महान सेना नायक : दिग्विजय सिंह ठाकुर
= 07 व 08
युद्ध वीरांगनाओं और शहीदों परिजनों को किया सम्मानित
जागरण संवाददाता, कैथल : अखिल भारतीय शहीद सम्मान संघर्ष समिति की ओर से आयोजित छत्रपति शिवाजी के 384वें जन्मदिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जरनल दिग्विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि शिवाजी एक महान सेना नायक थे और छापामार युद्ध कला उन्हीं की देन है। उन्हीं का दिया नारा हर-हर महादेव आज भी भारतीय सेना का मनोबल बनाए रखने वाला नारा है। इसके उदघोष से ही रणबांकुरे मातृ भूमि पर शीश चढ़ाने को आतुर है। उन्होंने संघर्ष समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि चढ़ते सूर्य को तो हर कोई सलाम कर लेता है, लेकिन समिति राष्ट्र के प्रहरियों के आश्रितों को सम्मान देकर राष्ट्र की बहुत बड़ी सेवा कर रही है। हरियाणा में बहुत अधिक फौजी है, लेकिन राष्ट्र की आन बान शान होते हैं। चंद्रगुप्त मौर्य के सलाहकार कौटिल्य ने कहा कि फौज की भलाई आप सोचो, आपकी सरहदें स्वत: सुरक्षित हो जाएगी। आज सरकार घोटालों की पर्यायवाची बन चुकी है। फौज की भलाई सोचने की किसी को फुर्सत ही नहीं है। कैथल क्षेत्र फौज बाहुल्य एक पावन क्षेत्र है। पानीपत की तीसरी लड़ाई पेशवा तथा अहमदाबाद अब्दाली की बीच 1761 में हुई थी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का राष्ट्रीय स्तर पर एक शहीद स्मारक एवं राष्ट्रीय म्यूजियम होना चाहिए। ब्रिटेन आज प्रथम विश्वयुद्ध की यादों को सहेजने का प्रयास कर रहा है। ब्राइटन म्यूजियम की कुरेटर जोड़ी ईस्ट आजकल भारत दौरे पर है। समिति के मुख्य संयोजक डॉ. महेन्द्र सिंह मलिक ने कहा कि छत्रपति शिवाजी आधुनिक भारतीय थल सेना व जल सेना के जनक थे। उन्होंने भारत के पड़ोसी देश चीन एवं पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में शहीद होने वाले के परिजनों को सम्मानित किया गया। उन्होंने सियाचिन गलेशियर एक्शन 1987 में दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले परमवीर चक्र विजेता सूबेदार बाना सिंह को विशेष तौर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों से कहा कि वह रिटायर्ड होने के बावजूद देश की सेवा करें। उन्होंने सरकार से कहा कि सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में शहीद वीर गाथा की शहादत पाठ्यक्रम में शामिल होनी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को शहीदों की याद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिक कल्याण अधिनियम की स्थापना करें ताकि हर सैनिक को सेवा करने के बाद रोजगार मिल सकें। समारोह में हरियाणवी गायक राजबाला एंड पार्टी ने शहीदों पर रागिनी गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर तेजेंद्र सिंह, कर्नल जेएस जोधा, बीडी ढालिया एवं जिलाभर से आए भूत पूर्व सैनिक व उनकी विधवाओं को सम्मानित किया।