भ्रष्टाचार के खिलाफ सरयू का बिगुल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
देश-प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार व कुशासन से मुक्ति तथा जनता को जगाने के लिए पूर्व विधायक सरयू राय के नेतृत्व में 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गांधी घाट में सुबह 10 बजे से एक दिवसीय सामूहिक उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को शहर की छोटी-बड़ी करीब डेढ़ सौ संस्थाएं समर्थन दे रही हैं।
कार्यक्रम के संयोजक चितरंजन वर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक सरयू राय भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने सहकारिता घोटाला, चारा घोटाला, मधु कोड़ा राज में बिजली और लौह अयस्क घोटाला आदि पर पहल की और सकारात्मक परिणाम रहा।
उन्होंने बताया कि उपवास कार्यक्रम में भाग लेनेवाली प्रमुख संस्थाओं में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स, राजस्थान नवयुवक संघ, जिला मारवाड़ी सम्मेलन, राजस्थान साहित्य सम्मेलन, मानगो बाजार समिति, बागबेड़ा बस्ती विकास समिति, छत्तीसगढ़ी समाज, नागरिक अधिकार सुरक्षा समिति, वरिष्ठ नागरिक समिति, जमशेदपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, मानगो मुंडा समाज, झारखंड चेतना विकास आंदोलन प्रमुख हैं।
--
भाजपा की बैठक आज
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा जमशेदपुर महानगर की बैठक साकची स्थित दीनदयाल सामुदायिक भवन में आयोजित की गयी है। मोर्चा के अशोक हेम्ब्रम ने बताया कि बैठक में लक्ष्मण टुडू, शोभा सामंत, राजकुमार श्रीवास्तव, रामजीत मार्डी, भोगेन सोरेन, बारी मुर्मू आदि भाग लेंगे। बैठक में मुख्य रूप से आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं के बीच में जाकर पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी देने पर विचार-विमर्श किया जायेगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर