मोबाइल पर प्यार, विवाहिता फरार
मैनपुरी: इसे कहते हैं इश्क। मोबाइल पर आई एक काल ने तो जैसे एक महिला की जिंदगी ही बदल दी। काल करने वाले शख्स से महिला प्यार करने लगी। फिर क्या था, जीने-मरने की कसमें खाई और विवाहिता प्रेमी के साथ भाग निकली। अब महिला के पति ने थाने में तहरीर दी देकर बीवी को वापस दिलाने की मांग की है।
नगर के बाटा वाली गली निवासी गृह स्वामी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वर्ष 2003 में उसका विवाह हुआ था। विवाह के बाद उसकी पत्नी तीन बच्चों की मां बनी। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए वह मजदूरी करता है। जबकि पत्नी घरों में साफ-सफाई का काम करती है। उसने बताया कि दीपावली पर पत्नी के मोबाइल पर एक काल आई। पत्नी काल करने वाले को जानती नहीं थी, सो फोन काट दिया। लेकिन उस शख्स ने कई बार फोन किया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बात होने लगी और फिर समय ऐसा आया कि दोनों रोज घंटों बात करने लगे।
पीड़ित ने बताया कि बुधवार सुबह उसकी पत्नी घरों में काम करने को कहकर निकली थी। लेकिन इसके बाद लौटकर नहीं आई। काफी खोजबीन की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा है। पीड़ित पति का कहना है कि फोन करने वाला व्यक्ति ही उसकी पत्नी को भगा ले गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर