गुरुनानक देव अस्पताल में हुई लाइव सर्जरी
संवाद सहयोगी, अमृतसर : 45 वर्षीय गायत्री देवी की बच्चेदानी में इंफेक्शन है। डाक्टरों के अनुसार बच्चेदानी को निकालने के सिवाय अब दूसरा कोई विकल्प नहीं है। इस सर्जरी में हजारों रुपयों का खर्च उठाना उसकी पहुंच से बाहर है। आर्थिक रूप से कमजोर गायत्री देवी जैसी दर्जनों महिलाएं शुक्रवार को गुरुनानक देव अस्पताल पहुंचीं। यहां स्थित बेबे नानकी मदर एंड चाइल्ड केयर वार्ड में देश के कोने-कोने से आए 400 डाक्टरों की उपस्थिति में इन महिलाओं की लाइव सर्जरी की गई। गुरुनानक देव अस्पताल में 'युवा फॉग्सी-नार्थ जोन 2013 कांफ्रेंस' का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। 'डिपार्टमेंट आफ गायनी एंड ओबस्टेट्रिक्स' व 'अमृतसर ओबस्टेट्रिक्स एंड साइक्लोजिकल सोसायटी' की ओर से आयोजित कांफ्रेंस का शुभारंभ मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा. करनैल सिंह ने किया।
गुरुनानक देव अस्पताल के आपरेशन थिएटर में की जा रही सर्जरी का सीधा प्रसारण बेबे नानकी मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर में किया जा रहा था। इसमें दिल्ली से डा. अल्का पिपलानी, अहमदाबाद से डा. विनीत मिश्रा, बंगलुरु से डा. विद्या भट्ट ने सर्जरी की नई तकनीकों के बारे में स्थानीय डाक्टरों को अवगत करवाया। सुबह नौ बजे से लेकर देर शाम तक सर्जरी का सिलसिला चलता रहा।
कांफ्रेंस की आर्गनाइजेशन चेयरपर्सन डा. सुजाता शर्मा ने बताया कि कांफ्रेंस के पहले दिन 15 महिलाओं की सर्जरी की गई है। हालांकि रजिस्ट्रेशन करवाने वाली महिलाओं की संख्या अधिक थी। बच्चेदानी के अलावा बांझपन या अन्य किसी भी गुप्त रोग से पीड़ित महिलाओं की सर्जरी हुई। डा. सुजाता ने बताया कि यह क्रम शनिवार को भी जारी रहेगा। किसी भी आयु वर्ग की महिलाएं इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकती हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर