कृपालु जी के गोलोकवासी होने पर संवेदनाओं का तांता
प्रतापगढ़ : जगद्गुरु कृपालु जी महाराज के गोलोकवासी होने पर शोक संवेदनाओं का तांता लग गया। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, कैबिनेट मंत्री राजा भैया, सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने शोक जताया है।
कांग्रेस विधानमंडल दल के वरिष्ठतम सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा है कि जगद्गुरु कृपालु जी का महाप्रयाण दुखद एवं दिल को झकझोर देने वाला है। ऐसा लगता है कि अध्यात्म और दर्शन के एक युग का अंत हो गया है। कृपालु जी औरों के लिए अध्यात्म, ज्ञान एवं दर्शन के महा ज्योतिपुंज की तरह थे, लेकिन उनके लिए वे पिता तुल्य थे। उनके गोलोकवासी होने से विश्व में भारत की अपूर्णनीय क्षति हुई है, लेकिन प्रतापगढ़ जिले के लिए यह व्यक्तिगत अपूर्णनीय क्षति और आघात है। सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने कृपालु जी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उनके निधन पर सांसद विदेश यात्रा स्थगित करके बेल्हा लौट रही हैं।
खाद्य एवं रसद मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि कृपालु जी नेक एवं महान इंसान थे। भगवान इस अपार दुख की घड़ी में उनके पूरे परिजनों एवं भक्तों को संबल प्रदान करे। एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपालजी ने कहा कि कृपालु जी बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। धार्मिक होने के साथ ही समाज सेवी भी थे। कौशांबी सांसद शैलेंद्र कुमार ने कहा कि कृपालु जी ने समाज के लिए बहुत काम किया है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने कहा कि कृपालु जी एक महान आध्यात्मिक गुरु भी थे। सदर विधायक नागेंद्र सिंह यादव, रानीगंज विधायक प्रो.शिवाकांत ओझा ने उन्हें बेल्हा की पहचान बताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में भगवान उनके परिजनों व भक्तों को साहस प्रदान करें।
सपाइयों की बैठक में सपा नेता मुक्कू ओझा ने कहा कि कृपालु जी को उनके समाज के लिए दिए गए योगदान के लिए हमेशा याद किया जाता रहेगा। सयुस नेता दिनेश तिवारी ने कहा कि कृपालु जी की भरपाई संभव नहीं है। सपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि कृपालु जी ने अध्यात्म के जरिए पूरे विश्व में जिले का नाम रोशन किया। इस मौके पर अंजनी यादव, गौरव तिवारी, अभिषेक मिश्रा, प्रिंस सिंह, मनीष दुबे, गोविंद यादव, देवेश सिंह आदि मौजूद रहे।
जिला कार्यालय पर आयोजित कांग्रेस की बैठक में जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसहाक ने कहा कि जिले ने ही नहीं, पूरे विश्व ने एक ऐसी महान आत्मा को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। शक्तेंद्र द्विवेदी ने कहा कि कृपालु जी के निधन से कांग्रेस परिवार बहुत ही दुखी है। इस मौके पर नरसिंह प्रकाश मिश्र, सुरेश भारती, बद्री प्रसाद मिश्रा, कपिल द्विवेदी, मौलाना वाहिद, रफीक, सिराजुद्दीन आदि मौजूद रहे। इसी तरह अर्बन कोआपरेटिव बैंक के सचिव विकास त्रिपाठी ने कृपालु जी के निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया।
----------
प्रमोद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
प्रतापगढ़ : कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि प्रतापगढ़ जिले की जनता और उनके करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए कृपालु जी महाराज का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराएं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर