नमो ने जीता निसिजा वासियों का दिल
भभुआ, मोहनियां (कैमूर)
सांत्वना यात्रा में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार एवं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे ही निसिजा गांव पहुंचे वंदे मातरम के नारों से उनका स्वागत हुआ। सफेद कुर्ता पायजामा के साथ मैच करती सफेद दाढ़ी भीड़ के उत्साह को भांप चेहरे पर कृतज्ञता के भाव मन में भविष्य की उभरती तस्वीर, हुंकार रैली के दौरान बम ब्लास्ट में मारे गए विकास के लिए गम का भाव लिए नरेन्द्र मोदी शनिवार को मेघनाथ सिंह के घर पहुंचे। बगल में टेबुल पर रखे विकास की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर दोनों हाथ जोड़ नमन किया। चारो तरफ छत पर अपनी झलक पाने के लिए खड़े नर नारियों का अभिवादन किया। सुरक्षा में लगे एनएसजी एवं गुजरात पुलिस के पदाधिकारी नमो को चारो तरफ से घेरे हुए थे। साथ में सुशील मोदी भी चल रहे थे। गंभीर मुद्रा में नरेन्द्र मोदी सीधे बम धमाके में मारे गए विकास के घर में प्रवेश किए। परिजनों को एक तरफ अपने पुत्र, भाई, पति व पिता को खोने का गम था तो दूसरी तरफ नरेन्द्र मोदी जैसे नेता को अपने बीच पाकर तसल्ली थी। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि एक आम कार्यकर्ता के लिए भाजपा के सर्वमान्य व प्रधानमंत्री पद के घोषित उम्मीदवार उसके घर में इतनी सहजता के साथ आएंगे। उनके दिल के जख्मों पर मरहम लगाकर परिजनों का भरपूर ख्याल रखने का वादा करेगे। शहीद विकास के पिता मेघनाथ सिंह, चचेरा भाई रमाकांत सिंह, राजगृही सिंह ने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह उनके दु:ख में शामिल है। इससे वे लोग संतुष्ट है। नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने इसके लिए वे भगवान से प्रार्थना करते है। उनकी तमन्ना है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी एक बार फिर निसिजा गांव आए। परिजनों से मिले। पूरा गांव नमो के प्रति आभार प्रकट करता है। ग्रामीणों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर