पारंपरिक रूप से मनाया गया नाग पंचमी का पर्व
कठुआ : जिले में नाग पंचमी का पर्व पारंपरिक और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर नाग देवता के मंदिरों में दूध चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। कई स्थानों पर पारंपरिक मेले भी लगे।
शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित विचार वाटिका में बाबा सुरगल देव के मंदिर में नाग पंचमी के पर्व पर रौनक और श्रद्धालुओं में श्रद्धा देखते ही बनती थी। सुबह से ही परिवार सहित लोग बाबा के मंदिर में नाग देवता को दूध चढ़ाने के लिए पहुंच गए थे। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने नाग देवता को दूध चढ़ाया। मंदिर परिसर को भी खूब आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर को लंगर का भी आयोजन किया गया। डुग्गर संस्कृति में नाग पंचमी की काफी धार्मिक महत्ता है। इस उपलक्ष्य में मंदिरों और घरों में लोग नाग देवता की पूजा करते हैं। नाग देवता को भोग लगाने के लिए विशेष रूप से पकवान तैयार करते हैं। जिले के अन्य भागों में भी नाग पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। हीरानगर के सन्याल, सजाना गांवों में हजारों लोगों ने नाग मंदिर में माथा टेक कर अपने परिवार के सुख शांति की कामना की। सन्याल गांव के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगना शुरू हो गई थीं। यहां राज्य मंत्री मनोहर लाल शर्मा ने शामिल होकर नाग देवता पर दूध चढ़ाया तथा पूजा-अर्चना की।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर