मुलायम के सामने भाजपा से कर्नल सतेंद्र संभव
जागरण संवाददाता, मैनपुरी: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि पर इस बार विपक्षी दलों ने अभी से अपनी गोटें बिछानी शुरू कर दी हैं। बसपा ने जातीय समीकरण के आधार पर शाक्य मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए नेता प्रतिपक्ष स्वामीप्रसाद मौर्य की पुत्री संघमित्रा मौर्य को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी इस बार मैनपुरी में विशेष ध्यान दे रहे हैं। यहां भाजपा अक्टूबर में सेवानिवृत हो रहे एक कर्नल पर दांव लगाना चाह रही है।
वैसे तो मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र सपा का अभेद्य दुर्ग है, लेकिन भाजपा और बसपा इस बार सपा प्रमुख को चारों तरफ से घेरना चाहती हैं। सूत्रों के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह सेना में कार्यरत अपने मित्र और किशनी विधानसभा के सकरा गांव निवासी कर्नल सतेंद्र सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाने की संभावना तलाश रहे हैं। भाजपा के रणनीतिकार मानते हैं कि कर्नल साहब के आने से सपा को हर तरफ से घेरने का माहौल बनेगा। वह सेना से रिटायर्ड होकर आएंगे, जिसका पार्टी को लाभ मिलेगा। बसपा ने अपने परंपरागत वोट के अलावा लोकसभा क्षेत्र में दूसरे स्थान के वोट बैंक शाक्य पर दांव लगाया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर