महंगे पड़े अश्लील इशारे
एटा: कस्बा जैथरा में दो मनचलों को लड़कियों से अश्लील फब्तियां कसना और इशारेबाजी करना महंगा पड़ गया। लड़कियों की शिकायत पर मनचलों को पुलिस ने हवालात में डाल दिया। गिरफ्तार किए गए मनचलों में एक मैनपुरी का भी रहने वाला है।
हुआ ये कि जैथरा कस्बे के मुहल्ला कछियाबाड़ा निवासी रामरहीश के पुत्र अनिल कुमार ने पुलिस से शिकायत की कि कुछ मनचले युवक लड़कियों और महिलाओं को तंग कर रहे हैं। यह लोग लड़कियों को देखकर अश्लील फब्तियां कसते हैं और इशारेबाजी करते हैं। जैथरा थाने की पुलिस की एक टीम इस शिकायत के आधार पर आरोपियों के पीछे लग गई और पुलिस ने जैथरा कस्बे में आरोपी अजय पुत्र हाकिम सिंह निवासी गांव टपरा थाना क्षेत्र बेवर जनपद मैनपुरी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने पुलिस को जानकारी दी कि उनका एक और साथी उनके साथ था। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि अजय और उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर