अकाली विधायक का पीए गिरफ्तार
अपराध प्रतिनिधि, अमृतसर : हलका बाबा बकाला के विधायक मनजीत सिंह मन्ना के पीए हरप्रीत सिंह हैपी को अमृतसर देहाती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हैपी को दिल्ली की एक अदालत ने भगौड़ा घोषित किया हुआ है। जानकारी के अनुसार खाद बनाने वाली एक कंपनी ने हरप्रीत सिंह हैपी के किसान खेती स्टोर से कुछ वर्ष पहले सैंपल भरे थे। ये सैंपल फेल हो गए। इसके बाद हैपी के खिलाफ दिल्ली की अदालत में केस दायर किया गया। हैपी अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया। दिल्ली की अदालत ने एसएसपी अमृतसर देहाती को समन जारी कर दिए और कहा कि हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर तुरंत अदालत में पेश किया जाए। इसके चलते एसएसपी अमृतसर देहाती प्रितपाल सिंह के आदेश पर पुलिस ने रविवार को हरप्रीत सिंह हैपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अमृतसर देहाती का कहना है कि सोमवार को हैपी का बाबा बकाला के सिविल अस्पताल से मेडिकल करवाकर पुलिस द्वारा उसे दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा। इस संबंध में विधायक मनजीत सिंह मन्ना का कहना है कि हरप्रीत सिंह का यह निजी मामला है। इसका उनसे और पार्टी से कोई संबंध नहीं है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर