वृद्धा को नशीली चीज सुंघाकर सोने का कड़ा उड़ाया
संवाद सहयोगी, सोलन : पुराने बस अड्डे के समीप एक बुजुर्ग महिला को बदमाशों ने नशीली चीज सुंघाकर उसके हाथ से सोने का कड़ा गायब कर दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। महिला को बेहोशी की हालत में क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शीला देवी अपने परिवार के साथ पुराने बस अड्डा के समीप रहती है। वह जिस मंजिल में रहती है, उस कमरे का दरवाजा खुला छोड़ती है। मंगलवार सुबह वह कमरे में थी। सुबह उसकी बहू चाय देने के लिए गई, तो उसने देखा की वह बेहोशी की हालत में थी। उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुचाया गया। घर के सदस्यों ने पाया कि उसके हाथ से सोने का कड़ा गायब था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। होश आने पर शीला देवी ने कहा कि उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुछ चीज सुंघाई और उसका सोने का कंगन छीनकर ले गया। सिटी चौकी प्रभारी तपेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास मामले को लेकर शिकायत आई है। आरोपियों की छानबीन शुरू कर दी है।