विनेश और साक्षी ने ओलिंपिक कोटा हासिल करके रचा इतिहास
कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन महिला पहलवान विनेश फोगट और साक्षी मलिक ने आगामी रियो ओलिंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल किया। 48 किग्रा वजन वर्ग की पहलवान विनेश को पहले क्वालिफायर में 400 ग्राम वजन ज्यादा होने के कारण अयोग्य घोषित किया गया था।
इस्तांबुल। कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन महिला पहलवान विनेश फोगट और साक्षी मलिक ने आगामी रियो ओलिंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल किया। 48 किग्रा वजन वर्ग की पहलवान विनेश को पहले क्वालिफायर में 400 ग्राम वजन ज्यादा होने के कारण अयोग्य घोषित किया गया था।
उन्होंने यहां सेमीफाइनल में तुर्की की इविन देमिरहान को हराते हुए रजत पदक पक्का किया। अब वे स्वर्ण पदक के लिए पोलैंड की इओवाना निना से भिड़ेंगी। फाइनल में कदम रखते ही उन्होंने ओलिंपिक का कोटा स्थान पक्का कर लिया। साक्षी ने 58 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की लान झांग को हराते हुए कोटा हासिल किया। अब वे फाइनल में रूस की वालेरिआ कोब्लोवा से भिड़ेंगी।
भारत की ओर से अब तक ये दोनों महिला पहलवान ही ओलिंपिक की पात्रता हासिल कर सकी हैं। अब भारत से ओलिंपिक के लिए कुछ छह कोटा स्थान पक्के हो गए हैं। पिछले लंदन ओलिंपिक (2012) में भारत के पांच पहलवान शामिल थे।