टोक्यो ओपन: सानिया और कारा बनीं चैंपियन
टोक्यो। मौजूदा सत्र में अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने जिंबाब्वे की अपनी जोड़ीदार कारा ब्लैक के साथ डब्ल्यूटीए पेन पैसेफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट जीत लिया। शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में सानिया-कारा की शीर्ष वरीय जोड़ी ने गारबाइन मुरुगुजा और कार्ला सुआरेज नवारो की स्पेनिश जोड़ी
टोक्यो। मौजूदा सत्र में अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने जिंबाब्वे की अपनी जोड़ीदार कारा ब्लैक के साथ डब्ल्यूटीए पेन पैसेफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट जीत लिया। शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में सानिया-कारा की शीर्ष वरीय जोड़ी ने गारबाइन मुरुगुजा और कार्ला सुआरेज नवारो की स्पेनिश जोड़ी पर 6-2, 7-5 से जीत दर्ज की।
टोक्यो में इंडो-जिंबाब्वे की जोड़ी का यह लगातार दूसरा खिताब है। सानिया के लिए यह खिताब सोने पर सुहागा है, क्योंकि दो सप्ताह पहले ही उन्होंने ब्रूनो सोरेस के साथ मिलकर यूएस ओपन का मिक्स्ड डबल्स खिताब जीता था, जो उनका दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब है। मौजूदा सत्र में सानिया-कारा की जोड़ी का यह दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने अप्रैल में पुर्तगाल ओपन जीता था। सानिया अब एशियन गेम्स में भारतीय चुनौती पेश करेंगी। सानिया मिक्स्ड डबल्स में दिविज शरण या साकेत मायनेनी के साथ जोड़ी बना सकती हैं।
सिंगल्स वर्ग में तीसरी वरीयता प्राप्त एना इवानोविक ने शीर्ष वरीय जर्मनी की एंगलिक कर्बर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। जहां उनका सामना पूर्व विश्व नंबर एक डेनमार्क की कैरोलिन वोजनियाकी से होगा। इवानोविक ने कर्बर पर 7-5, 6-3 से जीत दर्ज की, जबकि वोज्नियाकी ने स्पेन की गारबाइन मुरुगुजा को कड़े संघर्ष के बाद 6-4, 2-6, 6-4 से मात दी।