विश्व बैंडमिंटन रैंकिंग में साइना पांचवें नंबर पर पहुंची
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदकधारी साइना नेहवाल विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं।
नई दिल्ली। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदकधारी साइना नेहवाल विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं। हालांकि महिला डबल्स में ज्वाला गट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी चार स्थान फिसल गई है। ताजा रैंकिंग में वे अब 20वें स्थान पर हैं।
साइना ने हाल ही में ऑस्ट्रेलियन ओपन दूसरी बार अपने नाम किया है। शीर्ष भारतीय शटलर ने चीन की सुन यू को हराकर यह खिताब जीता था। इसका लाभ उन्हें रैंकिंग में भी हुआ। उन्होंने जापान की नोजोमी ओकुहारा को पीछे धकेलकर पांचवां स्थान प्राप्त किया। ओकुहारा अब छठे स्थान पर हैं। स्पेन की कैरोलिना मारिन महिला सिंगल्स में शीर्ष पर हैं। पीवी सिंधू अपना दसवां स्थान बरकरार रखने में सफल रही हैं। हालांकि 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ज्वाला और अश्विनी की जोड़ी को अपनी खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा। महिला डबल्स की रैंकिंग में यह जोड़ी 20वें स्थान पर खिसक गई है।
पुरुष सिंगल्स में समीर वर्मा एक स्थान बढ़कर 36वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि बी साई प्रणीत को चार पायदान का नुकसान हुआ है। वह 37वें नंबर पर हैं। पुरुष डबल्स में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी भी दो स्थान खिसक गई है। वे अब 23वें स्थान पर हैं। हालांकि युवा जोड़ी प्रणव जेरी चोपड़ा और अक्षय देवालकर एक स्थान के फायदे के साथ 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं।