श्रीकांत और प्रणय इंडोनेशिया सुपर सीरीज के दूसरे दौर में
महिला डबल्स में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी को भी हार का सामना करना पड़ा।
जकार्ता, पीटीआइ। भारतीय शटलर किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय बुधवार को इंडोनेशिया सुपर सीरीज प्रीमियर बैडमिंटन के दूसरे दौर में पहुंच गए। वहीं, बी साइ प्रणीत का अभियान पहले ही दौर में थम गया। साइना नेहवाल और पीवी सिंधू पहले ही दूसरे दौर में पहुंच चुकी हैं।
प्रणय ने स्थानीय खिलाड़ी एंथोनी सिनिसुका को 43 मिनट में 21-13, 21-18 से पराजित किया। दूसरे दौर में भारतीय खिलाड़ी का सामना मलेशिया के ली चोंग वेई से होगा। श्रीकांत ने हांगकांग के वोंग विंग की विसेंट को 21-15, 17-21, 21-16 से पराजित किया। अगले दौर में श्रीकांत की भिड़ंत डेनमार्क के जान ओ जोर्गेसेन से होगी।
प्रणीत दूसरी वरीय कोरियाई खिलाड़ी सन वान हो के हाथों 14-21, 18-21 से 40 मिनट में मैच हारकर बाहर हो गए। पुरुष डबल्स में सत्विकसाइराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को फजर अलफिन और मुहम्मद रियान अर्डियांटो की जोड़ी से 9-21, 19-21 से हार ङोलनी पड़ी।
महिला डबल्स में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी को भी हार का सामना करना पड़ा। अश्विनी -सिक्की को इंडोनेशिया की दानी फित्रिनी और नाद्या मेलाटी की जोड़ी से 21-19, 19-21, 13-21 से पराजय मिली।