भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने हैंपस्टड एंड वेस्टमिंस्टर को 3-0 से हराया
वरुण कुमार के दो शानदार गोलों के दम पर भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने हैंपस्टड एंड वेस्टमिंस्टर को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित कर दिया
मार्लो (इंग्लैंड)। वरुण कुमार के दो शानदार गोलों के दम पर भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने हैंपस्टड एंड वेस्टमिंस्टर को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित कर दिया।
दोनों टीमों ने सतर्क शुरुआत की और ज्यादातर खेल मिल्डफीड पर खेला गया। हालांकि इस दौरान भारत ने कुछ गोल करने के मौके बनाए, लेकिन नाकाम रहे। हाफ टाइम से कुछ क्षण पहले अजय पांडे ने शानदार गोल कर भारत का खाता खोला। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही भारत ने आक्रामण तेज किए। सिमरनजीत और नीलकंठ को गोल करने के मौके मिले, लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीम के गोलकीपर ने उनकी कोशिशें नाकाम कर दीं। इस दौरान भारत को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला। वरुण ने इसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की और टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद हैंपस्टड एंड वेस्टमिंस्टर के खिलाडिय़ों ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। गेंद को अपने नियंत्रण में रखकर गोल करने के मौके भुनाने के प्रयास करने लगे। भारतीयों ने उनके हमलों का हटकर मुकाबला किया और उनकी कोशिशों को कामयाब नहीं होने दिया। खेल खत्म होने से दस मिनट पहले भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला। वरुण ने इस बार भी कोई गलती नहीं की और गेंद को जाल में अटका कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी।