एचआइएल: मुंबई मैजिशियंस ने चखा पहली जीत का स्वाद
मुंबई। मुंबई मैजिशियंस ने हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में रविवार को कलिंगा लांसर्स को 3-2 से हराकर अपनी पहली जीत का इंतजार खत्म किया। मुंबई की टीम ने आठ मैचों के बाद जीत का स्वाद चखा है। लीग में अंतिम पायदान पर चल रही दो टीमों की इस जंग के दौरान दोनों ने मौके गंवाए।

मेजबान टीम ने 17वें मिनट में रिबाउंड पर कप्तान ग्लेन टर्नर के गोल की मदद से बढ़त बनाई। मार्क ग्लेगोर्न ने इसके बाद 33वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मुंबई की बढ़त को 2-0 कर दिया। मुहम्मद निजामुद्दीन ने 43वें मिनट में लांसर्स की ओर से पहला गोल दागा, लेकिन मुंबई ने 57वें रविपाल सिंह और सरवनजीत सिंह के शानदार मूव से स्कोर 3-1 कर दिया। कलिंगा के लुसाक विला ने एक मिनट बाद ही गोल दागकर स्कोर 2-3 किया, लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए।
अपना अंतिम घरेलू मैच खेल रही मुंबई को इस जीत से पांच अंक मिले और उसके नौ मैचों में 13 अंक हो गए हैं। लांसर्स को इस मैच से एक अंक मिला और टीम 10 मैचों में 17 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। मुंबई का अगला मुकाबला मंगलवार को लखनऊ में यूपी विजार्ड्स से होगा, जबकि कलिंगा का यह इस सत्र का अंतिम लीग मैच था।