फीफा भारत में चल रही तैयारियों से संतुष्ट पर काम में तेजी लाने को कहा
विश्व कप की शुरुआत में अभी 200 दिन बचे हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत में इस साल होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप की तैयारियों का जायजा लेने आयी फीफा की निरीक्षण टीम दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (जेएलएन) की तैयारियों से संतुष्ट है, लेकिन साथ ही कहा कि अभी कई चीजों पर काम किया जाना बाकी है इसलिए काम में तेजी लाए।
विश्व कप की शुरुआत में अभी 200 दिन बचे हैं, लेकिन आठ सदस्यों वाली टीम की अगुआई कर रहे फीफा के प्रतियोगिता प्रमुख जेमी यार्जा ने आठ स्थानों पर होने वाले मैचों की जगह के निरीक्षण करने की शुरुआत दिल्ली से की। यार्जा ने कहा, 'हम संतुष्ट हैं, लेकिन अभी कुछ काम किया जाना बाकी है। दिल्ली विश्व का महत्वपूर्ण शहर है और स्टेडियम बहुत ही अच्छा दिखना चाहिए। फीफा सरकार और खेल मंत्रालय द्वारा मिलने वाली मदद से भी खुश हैं, लेकिन हमें यह बात ध्यान रखनी होगी की हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। अभी भी काम में सुधार की जरूरत है और बहुत से काम दिल्ली में होने बाकी हैं। मैं यहां काम करने वाले सभी लोगों की प्रशंसा करता हूं, लेकिन अब हमें और तेजी से काम करना होगा। विश्व कप के लिए जो जरूरी है, वह हमें समय पर करना होगा। हमने चीजों को बेहतर होते देखा है।'
टूर्नामेंट के निदेशक जेवियर सेप्पी ने कहा, 'हमें सरकार, खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) से अच्छा सहयोग मिला है। यह उन्हीं की बदौलत संभव हुआ है, लेकिन मैं यार्जा की बात से सहमत हूं, अभी भी कई काम बाकी हैं। मैदान और अभ्यास मैदान में सुधार की गुंजाइश है। उनके पास योजना है और इसी पर वे काम कर रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'दो जगहों पर बेशक सुधार की जरूरत है और इन पर काम भी हो रहा है। इसकेअलावा भी कई जगह हैं। इस स्टेडियम में 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया गया था और तब यह बेहद शानदार था। हमें उसी तरह की तैयारियों की जरूरत है।'
फीफा के प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि अगले महीने तक बाकी काम पूरा हो जाएगा। यह प्रतिनिधिमंडल कुछ महीनों बाद फिर मैदान का निरीक्षण करेगा। विश्व कप अक्टूबर में शुरू होगा और इस दौरान दीपावली होने के कारण दिल्ली में होने वाले मैचों में प्रदूषण की समस्या से परेशानी खड़ी हो सकती है। यार्जा ने कहा, 'फीफा इस मामले पर ध्यान दे रहा है। हमारे पास स्वास्थ्य टीम है जो इस पर ध्यान दे रही है। दीपावली के बाद प्रदूषण की बड़ी समस्या होती है। हमारे पास कुछ डॉक्टर हैं जो भारत के हैं और दूसरे देशों के भी डॉक्टर हैं। हम इस बारे में उनसे बात जरूर करेंगे।'
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
विश्व कप से पहले भारत आएंगे दिग्गज फुटबॉलर
नई दिल्ली। विश्व के दिग्गज फुटबॉलर अंडर-17 विश्व कप से पहले प्रचार कार्यक्रमों के तहत भारत दौरे पर आएंगे जिस तरह से हाल में फीफा अंडर-20 विश्व कप के ड्रॉ के लिए डिएगो मैराडोना और पाब्लो आइमार कोरिया गए थे। फीफा के प्रतियोगिता प्रमुख जेमी यार्जा ने कहा, 'मैं कोरिया में अंडर-20 विश्व कप के ड्रॉ के बाद यहां आया हूं और वहां ड्रॉ के दौरान मैराडोना और आइमार हमारे साथ थे। हम कुछ नामों पर विचार कर रहे हैं। वे कौन होंगे अभी नहीं कह सकते, क्योंकि हमारे पास अभी समय है। हम कुछ बड़े फुटबॉलरों को न केवल ड्रॉ, बल्कि टूर्नामेंट से पहले अन्य गतिविधियों के लिए भी यहां लाने पर विचार कर रहे हैं। उदाहरण के लिए ट्रॉफी का दौरा, 'मिशन इलेवन मिशन' के साथ कुछ गतिविधियां। इस तरह से चार-पांच बार हमारे साथ विश्व के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भारत दौरे पर आएंगे।'