नेशनल शूटर तारा शाहदेव को धर्मांतरण के लिए दी गई थीं यातनाएं?
रंजीत सिंह कोहली ने नेशनल राइफल शूटर तारा शाहदेव के साथ शादी की थी।
नई दिल्ली जेएनएन। नेशनल राइफल शूटर तारा शाहदेव को शादी के बाद प्रताड़ित करने और धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में दिल्ली सीबीआइ ने सीबीआइ की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। सीबीआइ ने इस यह चार्जशीट मामले की जांच के बाद दाखिल की है।
अधिवक्ता अविनाश कुमार पांडेय ने बताया कि चार्जशीट में तारा शाहदेव के कथित पति रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल हसन, उसकी मां कौशल रानी और हाई कोर्ट के पूर्व रजिस्ट्रार मुश्ताक अहमद के नाम शामिल हैं। हाई कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली सीबीआइ टीम को इस मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया था। रंजीत सिंह कोहली से जुड़े तीन मामलों को दिल्ली सीबीआइ ने टेक ओवर करते हुए 2015 में जांच शुरू की थी।
सीबीआइ की जांच शुरू होने के पूर्व पुलिसिया केस की सुनवाई के दौरान कोहली को 27 अगस्त, 2014 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। 28 अक्टूबर को रांची कोर्ट में पेशी के बाद उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में भेज दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वह लगातार जेल में बंद है। जबकि उसकी मां कौशल रानी को जेल जाने के बाद जमानत मिल गई थी।
रंजीत सिंह कोहली ने नेशनल राइफल शूटर तारा शाहदेव के साथ शादी की थी। आरोप है कि इसके बाद तारा को धर्म परिवर्तन करने के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। तारा शाहदेव ने रंजीत सिंह कोहली से तलाक की याचिका भी रांची के परिवार न्यायालय में दायर की है। इस मामले पर भी सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है।