अब तक की सबसे बड़ी होगी भुवनेश्वर की एशियाई एथलेटिक्स प्रतियोगिता
प्रतियोगिता के लिए यहां के बहुउद्देशीय कलिंगा स्टेडियम को विश्व स्तरीय ट्रैक में बदला गया है।
भुवनेश्वर, पीटीआइ। इस साल यहां छह से नौ जुलाई तक होने वाली एशियाई एथलेटिक्स प्रतियोगिता इस स्पर्धा के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी होगी। इसमें 45 देशों के एक हजार खिलाड़ी 42 श्रेणियों में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता लंदन में इस साल अगस्त में होने वाली आइएएएफ विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाइंग स्पर्धा भी होगी।
एशियाई एथलेटिक्स के 22वें संस्करण में इस बार स्पर्धा के इतिहास में सबसे ज्यादा एथलीट शामिल होंगे, जो 2015 में वुहान में हुए पिछले संस्करण से दोगुने से भी ज्यादा हैं। गौरतलब है कि पिछले संस्करण में 40 देशों के 497 एथलीटों ने भाग लिया था।
भुवनेश्वर भारत का तीसरा शहर है, जहां यह प्रतियोगिता होने जा रही है। इससे पहले 1989 में नई दिल्ली और 2013 में पुणो में इसका आयोजन किया गया था। रांची के अंतिम क्षणों में अपना नाम वापस लेने के बाद ओडिशा की राजधानी को इसके आयोजन की जिम्मेदारी दी गई थी।
प्रतियोगिता के लिए यहां के बहुउद्देशीय कलिंगा स्टेडियम को विश्व स्तरीय ट्रैक में बदला गया है।