अभिषेक ने कम्पाउंड तीरंदाजी में जीता रजत पदक
भारत के अभिषेक वर्मा ने एशियाई खेलों में पुरुषों की कम्पाउंड तीरंदाजी के व्यक्तिगत वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
इंचियोन। भारत के अभिषेक वर्मा ने एशियाई खेलों में पुरुषों की कम्पाउंड तीरंदाजी के व्यक्तिगत वर्ग में रजत पदक हासिल किया। ईरान के इस्माइल एबादी ने फाइनल में अभिषेक को 145-141 से हराया। तीरंदाजी में कम्पाउंड वर्ग के मुकाबले 2014 एशियाई खेलों से ही प्रारंभ हुए है और भारत ने इसमें जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक प्राप्त किए।
अभिषेक ने फाइनल तक के सफर में दुनिया के नंबर एक निशानेबाज को पराजित किया था, इसलिए उनसे काफी ज्यादा उम्मीदें थी लेकिन वे फाइनल का दबाव नहीं झेल पाए। फाइनल में पहले एंड के बाद अभिषेक 29-28 से आगे थे। दूसरे एंड में अभिषेक का प्रदर्शन खराब रहा और वे मात्र 27 अंक ही बना पाए जबकि एबादी ने 29 अंक बनाते हुए 57-56 से बढ़त बना ली। अगली दो सीरीज में जहां एबादी ने 58 अंक जोड़े, वहीं अभिषेक 56 अंक ही बना पाए। इस तरह एबादी ने 3 अंकों की बढ़त बनाते हुए स्कोर 115-112 कर दिया। अंतिम सीरीज मे एबादी ने परफेक्ट 30 अंक बनाए जबकि अभिषेक 29 अंक ही बना पाए।