सुपर हीरो के कैरेक्टर में नेता
वीडियो गेम्स तो आपने कई खेले होंगे पर किसी राजनीतिक नेता को अपने गेम में कार्टून कैरेक्टर के रूप में नहीं देखा होगा। सोचिए अगर ऐसा होता कि चुनाव के समय चुनावी भाषण या सभाओं
वीडियो गेम्स तो आपने कई खेले होंगे पर किसी राजनीतिक नेता को अपने गेम में कार्टून कैरेक्टर के रूप में नहीं देखा होगा। सोचिए अगर ऐसा होता कि चुनाव के समय चुनावी भाषण या सभाओं की जगह राजनीतिक नेता आपके स्मार्टमोन के किसी गेम अप्लिकेशन में कार्टून कैरेक्टर के रूप में नजर आते और उसी गेम में आपके प्वाइंट्स के आधार पर नेताओं और उनकी चुनावी रणनीतियों की जानकारी मिलती, तो शायद चुनाव आपके लिए मनोरंजन का साधन बन जाता। आप कभी इस नेता का गेम खेलते, कभी उस नेता का। आप कहेंगे, हां, बड़ा मजा आता। पर ऐसा हो तो नहीं सकता। तो जनाब, ठहरिए, ऐसा सचमुच हुआ है।
जापान में 21 जुलाई के चुनाव प्रचार के लिए एक अनोखी प्रचार विधि अपनाई जा रही है। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे अभी कार्टून कैरेक्टर के रूप में गेम्स में नजर आ रहे हैं। गेम का नाम है अबे प्योन और गेम के पहले पड़ाव पर अबे का कार्टून कैरेक्टर ग्रे रंग के बिजनेस सूट में नजर आता है जिसे प्लेटफॉर्म पार कराना होता है। प्लेटफॉर्म बीच में कहीं-कहीं टूटी होती है, यहां अगर वह टूटा हुआ प्लेटफॉर्म अबे का अवतार पार नहीं करता है तो अवतार मर जाता है। ऐसे ही गेम में आगे बढ़ते हुए प्वाइंट्स मिलते हैं। प्वाइंट्स के आधार पर ही अबे तथा उनकी पार्टी एलडीपी के बारे में बीच-बीच में जानकारियां दी जाती हैं। साथ ही जैसे-जैसे प्वाइंट्स बढ़ते हैं अबे का अवतार अपना रूप भी बदलता रहता है। बिजनेस सूट से वह जींस तथा जिम के कपड़ों में आता है। गेम जीतने पर अबे का अवतार सुपर हीरो के रूप में दिखता है।
जापान में इस बार के चुनावों में प्रचार के लिए साइबर प्रचार विधि अपनाने की छूट दी गई है। इसलिए इस बार फेसबुक, ट्विटर आदि प्रचार साधन भी अपनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री अबे और उनकी पार्टी ने यह अनोखी प्रचार विधि अपनाई है इस गेम को स्मार्टफोन के एप्लिकेशन के रूप में लाया गया है। इसके पीछे उनका तर्क है कि यह युवाओं की राजनीति में रुचि जगाएगा और इससे युवा मनोरंजन के साथ ही उनकी पार्टी के बारे में जानकारी भी जुटा पाएंगे। जापानी युवा इसे पसंद भी कर रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर