हिमालय में मिले 'येती' के सुबूत
'येती' नामक जीव, इंसान के लिए हमेशा से रहस्यमय रहा है। माना जाता है कि यह हिमालय की बर्फीली गुफाओं में रहता है। इसको 'हिममानव (स्नोमैन)' भी कहा जाता है।
नई दिल्ली। 'येती' नामक जीव, इंसान के लिए हमेशा से रहस्यमय रहा है। माना जाता है कि यह हिमालय की बर्फीली गुफाओं में रहता है। इसको 'हिममानव (स्नोमैन)' भी कहा जाता है। हालांकि एक पर्वतारोही द्वारा उसके पैरों के निशान देखने के दावे के बाद लगता है कि 'येती' का सच सामने आने वाला है।
दरअसल, पर्वतारोही स्टीव बेरी ने बर्फ में पैरों के निशान वाली तस्वीर खींची हैं। उनका दावा है कि ये 'येती' के ही पैरों के निशान है। यह मानव के पैरों के निशान से काफी बड़े हैं। एक ही रेखा में बने इन निशानों को लेकर बेरी ने इस बात पर जोर दिया है कि यह बर्फीले तेंदुए या किसी चार टांग वाले जीव के नहीं हो सकते। हालांकि भालू भी दो पैरों से चलता है, लेकिन वह इतना भारी होता है कि इस तरह एक के बाद एक पैर के निशान नहीं छोड़ सकता। स्टीव बेरी ने पैरों के निशानों को भूटान में सबसे ऊंचे पहाड़ गंगखार पुनसुम में देखा था।
स्टीव बेरी (66) इंग्लैंड के दक्षिण ग्लूस्टरशायर में बैडमिंटन नामक गांव में रहते हैं। उनके अनुसार, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पहुंचने वाले हम पहले थे। हमने 17,800 फीट पर इस जगह खड़े होकर अपनी आंखों से यह निशान देखा था।
उन्होंने जब यह बात एक यॉक हर्डर (यॉक की देखभाल करने वाला) से साझा की तो उसने कहा, 'मैंने करीब 11 साल पहले एक बार 'येती' देखा था। वह मुझसे सौ गज की दूरी पर था। वह भूरे लंबे बालों से ढंका था। उसका चेहरा भी किसी बिल्ली या कुत्ते की तरह बालों से ढंका हुआ था, लेकिन उसकी लंबाई इंसानों की तरह तरह थी।'
तब बेरी ने यॉक हर्डर से कहा, तुम मिगो के पैरों के निशान को पहचान सकते हो, क्योंकि वे अपना एक पैर दूसरे के ठीक सामने ही रखते हैं। इसके बाद बेरी ने अपने कैमरे से खींचे गए चित्र उसे दिखाए, तो यॉक हर्डर ने कहा, हां ये मिगो के ही पैरों के निशान हैं।
मालूम हो, साल 1921 से पश्चिमी दुनिया को 'येती' ने मोहित कर रखा है। तब एक रॉयल जियोग्राफिकल सोसाइटी एक्सपीडिशन ने 'बर्फ के एक जंगली इंसान' के पैरों को पाया था। उन्होंने इसका नाम 'एबडोमिनेबल स्नोमेन' रखा। तब से इस जीव, जिसका आकार, आकृति और नाम हिमालय के हर हिस्से में अलग-अलग है, के अस्तित्व को लेकर सभी को उत्सुकता है।