खनन घोटाला मामले में पूछताछ के दौरान कोर्ट में छलक पड़े येदियुरप्पा के आंसू
जज ने उनसे पूछा कि इस मामले में क्या उन्हें कुछ कहना है। इस पर भावुक होते हुए येद्दयुरप्पा ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और जो कुछ किया, वह कानून के दायरे में था।
बेंगलुरु, (पीटीआई)। सीबीआइ कोर्ट ने सोमवार को कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीएस येद्दयुरप्पा से सामने सवालों की झड़ी लगा दी। कोर्ट ने ढाई घंटे में उनसे 475 सवाल पूछ डाले। जवाब देने के दौरान में उनकी आंखें छलक गईं।
सवाल येद्दयुरप्पा के मुख्यमंत्रित्व काल में हुए खनन घोटाले से संबंधित थे। कोर्ट ने प्रेरणा ट्रस्ट को मिले 20 करोड़ रुपये दान के सिलसिले में येद्दयुरप्पा को तलब किया था। इस ट्रस्ट का संचालन उनका परिवार करता था। आंसू छलकने का क्षण तब आया जब जज ने उनसे पूछा कि इस मामले में क्या उन्हें कुछ कहना है। इस पर भावुक होते हुए येद्दयुरप्पा ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और जो कुछ किया, वह कानून के दायरे में था।
इससे पहले भी एक सवाल का जवाब देने में उनकी आवाज भर्रा उठी थी। उनसे पूछा गया था क्या वह राजनीतिक साजिश के शिकार हो गए थे। अवैध खनन के मामले में जुलाई 2011 में लोकायुक्त संतोष हेगड़े की रिपोर्ट के बाद येद्दयुरप्पा को कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ा था। सीबीआइ ने अवैध खनन मामले में येद्दयुरप्पा और अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया था।
पढ़ें- जानिए, कर्नाटक में भाजपा की कमान संभालने वाले येदियुरप्पा के बारे में