पाकिस्तान से बिना पासपोर्ट वीसा आई महिला बोली 'सलमान खान से मिलना है'
पाकिस्तान से बिना पासपोर्ट वीसा के अटारी के रास्ते भारत आ पहुंची 27 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला का कहना है कि उसे बॉलीवुड एक्टर सलमान खान से मिलना है। महिला की पहचान चंदा खान के रूप में हुई है।
जालंधर। पाकिस्तान से बिना पासपोर्ट वीसा के अटारी के रास्ते भारत आ पहुंची 27 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला का कहना है कि उसे बॉलीवुड एक्टर सलमान खान से मिलना है। महिला की पहचान चंदा खान के रूप में हुई है। जब उससे पूछा गया कि वह दिल्ली क्यों जा रही थी तो बोली अपने बेटे के लिए दरगाह पर मन्नत मांगने जा रही थी।
उसका ये भी कहना है कि वह अपने गुम अंकल की तलाश कर रही है। महिला कराची की रहने वाली है उसके पति का नाम सलमान खान है। सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही है कि आखिर यह महिला भारत आई कैसे। महिला का कहना है कि वह बाॉलीवुड एक्टर सलमान खान से मिलना चाहती है। जानकारी के अनुसार अटारी स्पेशल ट्रेन नंबर 14002 करीब 8.15 बजे अमृतसर से नई दिल्ली के लिए चली। रास्ते में ट्रेन के टीटीई ने चैकिंग के दौरान एस-2 कोच में सवार एक पाकिस्तानी महिला को बिना पासपोर्ट और बिना टिकट के सफर करते पकडा़ अौर तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल को दी। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ के आला अधिकारी स्टेशन पर पहुंचे। रात करीब 9.57 बजे ट्रेन सिटी स्टेशन पहुंची और पुलिस ने तुरंत उस महिला को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी जीआरपी माखन सिंह ने बताया महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। बिना दस्तावेज के महिला ट्रेन में कैसे सवार हो गई, इस पर एक अधिकारी ने कहा कि कस्टम विभाग की लापरवाही के कारण उसके दस्तावेजों की जांच नही की गई। महिला ने कहा कि उसकी लाहौर और अटारी दोनों स्थानों पर जांच हुई। अटारी स्टेशन पर अधिकारियों ने कहा कि इस नाम की महिला की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। महिला के पास से 771 रुपए की पाकिस्तानी करंसी और कुछ दवाइयों की पर्चियां मिली हैं। पुलिस ने बताया कि महिला को अटारी पुलिस के हवाले कर दिया गया। अटारी में ही महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।