गंदगी की शिकायत पर एयर एशिया की महिला यात्री का यौन उत्पीड़न!
एयर एशिया इंडिया ने कहा है कि तय प्रक्रिया के अनुसार घटना से निपटा जाएगा।
बेंगलुरु, प्रेट्र। एयर एशिया इंडिया से यात्रा कर चुकी एक महिला ने चालक दल के तीन सदस्यों पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। एक दिन पहले डीजीसीए ने महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। डीजीसीए ने शिकायत में महिला को व्यवधान पैदा करने वाली यात्री बताया है। एयर एशिया इंडिया ने कहा है कि तय प्रक्रिया के अनुसार घटना से निपटा जाएगा।
महिला ने पुलिस में दर्ज कराई गई एफआइआर में आरोप लगाया है कि विमान कर्मचारी ने सवार होते समय अवांछित रूप से शरीर को छुआ। जब उन्होंने विमान के शौचालय के गंदा होने की शिकायत की तो उनके साथ कठोर भाषा में बात की। महिला ने तीन नवंबर को रांची से वाया हैदराबाद बेंगलुरु की यात्रा की थी।
एयर एशिया इंडिया ने एक बयान में कहा है कि महिला यात्री ने एक वरिष्ठ केबिन क्रू को गालियां दीं। महिला से अपना मोबाइल फोन बंद करने के लिए कहा गया था। बेंगलुरु में विमान लैंड होने के बाद एयरपोर्ट पुलिस में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
यह भी पढ़ें: पटना, रांची और रायपुर एयरपोर्ट पर अगले साल से 24 घंटे विमान सेवा