मेरे बाद अध्यक्ष कौन पता नहीं,लेकिन सोनिया के बाद कौन सबको है पता: शाह
उनके कहने का आशय साफ था कि भाजपा वंशवाद की रजानीति नहीं करती लेकिन कांग्रेस इस की पोषक रही है।
कोलकाता,एएनआई । पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार प्रसार के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। शाह ने कांग्रेस के वंशवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि 'क्या कोई बता सकता है कि उनके बाद भाजपा का अध्यक्ष कौन होगा',' लेकिन ये सबको पता है कांग्रेस में सोनिया के बाद अध्यक्ष कौन होगा'।
शाह यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उनका कहने का आशय साफ था कि भाजपा वंशवाद की रजानीति नहीं करती लेकिन कांग्रेस इस की पोषक रही है। इससे पहले दिल्ली में हुए एमसीडी चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत पर उन्होंने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर काम किया।
यह भी पढ़ें: तुष्टीकरण की राजनीति से बंगाल की जनता त्रस्त : अमित शाह
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
इससे पहले अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी की तुष्टीकरण की राजनीति से त्रस्त हो चुकी है। यही वजह है कि राज्य में जनाक्रोश बढ़ रहा है। शाह ने कहा कि जिस राज्य में दुर्गा पूजा के लिए हाई कोर्ट से आदेश लेना पड़े और सरस्वती पूजा के दौरान सरकार सुरक्षा न दे पाई हो, वहां के हालात आसानी से समझे जा सकते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बांग्लादेशी घुसपैठ और जाली नोट के धंधे पर शिकंजा कसने में नाकाम रही है। राज्य बम की फैक्ट्री में तब्दील हो गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो असम की तरह ही यहां भी बांग्लादेश से लगी सीमा सील कर दी जाएगी।