विजय माल्या की लंदन में हुई गिरफ्तारी, जानिए किसने क्या कहा
वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा।
नई दिल्ली,एएनआई । भारत सरकार को आज अहम सफलता हाथ लगी है। बैंकों का करोड़ों रुपए का लोन लेकर भागे शराब कारोबारी विजय माल्या लंदन में गिरफ्तार हो गए हैं। हालांकि बाद में वेस्टमिंस्टर कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई। इस पूरी कार्रवाई पर वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा।
इससे पहले सीबीआई ने विजय माल्या की गिरफ्तारी की पुष्टि की थी। दूसरी तरफ भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि माल्या की गिरफ्तारी भारत सरकार की बड़ी सफलता है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी इस गिरफ्तारी को सरकार की बड़ी सफलता बताया। भारतीय मीडिया में जैसे ही गिरफ्तारी की खबरें आईं, इसके बाद विजय माल्या ने मीडिया पर तंज कसते हुए ट्वीट किया कि 'जैसा भारतीय मीडिया खबरों को बढ़ा चढ़ाकर पेश करता आया है, प्रत्यर्पण कोर्ट में सुनवाई हुई है'।
इस बीच किंग फिशर कंपनी की एक पूर्व कर्मचारी ने कहा कि हमें इस बात की खुशी है कि अब हमारे बकाए का भुगतान हो सकेगा।
वहीं गृह मंत्रालय ने सीबीआई और ईडी को निर्देश दिए कि आईडीबीआई बैंक लोन धोखाधड़ी के मामले में माल्या के प्रत्यर्पण के लिए वे आवेदन करें।