याकूब की फांसी का विरोध करने वाले देशद्रोही : साक्षी
उन्नाव से भाजपा सांसद सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने कहा कि आतंकी याकूब मेमन की फांसी को लेकर जिन कुछ लोगों ने न्यायालय के निर्णय पर सवाल उठाए, वह निंदनीय है। उन्होंने ऐसे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग करते हुए भारतीय संविधान का आदर न करने वालों को
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। उन्नाव से भाजपा सांसद सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने कहा कि आतंकी याकूब मेमन की फांसी को लेकर जिन कुछ लोगों ने न्यायालय के निर्णय पर सवाल उठाए, वह निंदनीय है। उन्होंने ऐसे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग करते हुए भारतीय संविधान का आदर न करने वालों को पाकिस्तान चले जाने की सलाह दी है।
गुरु पूर्णिमा पर्व पर सांसद साक्षी महाराज ऋषिकेश में भगवान आश्रम में आए थे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने याकूब के पक्ष में पैरवी करने वालों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग न्यायालय के फैसले का सम्मान नहीं करते वह संविधान का अनादर कर रहे हैं।
उन्होंने सांसद असदुद्दीन ओवैसी को सीधे तौर पर निशाने पर लेते हुए कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत चुनकर संसद तक पहुंचा एक जिम्मेदार नागरिक ही यदि संविधान के खिलाफ बोल रहा हो तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि रात को न्यायालय में जज बैठे और मामले की सुनवाई की गई। मगर, कुछ लोगों को यह एतिहासिक न्यायिक प्रक्रिया भी नागवार गुजरी है।