फैंस का बढ़ा इंतजार, टेस्ट कप्तान के तौर पर भारत में ऐसा कब करेंगे विराट
भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में पूरी दुनिया में अच्छा प्रदर्शन किया है मगर टेस्ट मैचों में भारत में वो ऐसा एक बार भी नहीं कर पाए हैं।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में पूरी दुनियाभर में अच्छा प्रदर्शन किया है मगर टेस्ट मैचों में भारत में वो ऐसा एक बार भी नहीं कर पाए हैं। आखिरकार टेस्ट मैचों में विराट ने भारत में ऐसा क्या नहीं किया है।
भारत में नहीं लगाया एक भी शतक
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि कोहली ने अपने टेस्ट करियर में अब तक टेस्ट कप्तान के तौर पर भारत में एक भी शतक नहीं लगाया है। टेस्ट कप्तान के तौर पर भारत में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 88 रन है जो उन्होंने वर्ष 2015 में फिरोजशाह कोटला मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था।
भारत में विराट ने लगाए तीन शतक
टेस्ट टीम का कप्तान बनाए जाने से पहले विराट कोहली ने भारत में टेस्ट मैचों में कुल तीन शतक लगाए हैं।उन्होंने बेंगलुरु में 31 अगस्त, 2012 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 107 रन बनाए थे। इसके बाद 13 दिसंबर, 2012 को इंग्लैंड के खिलाफ नागपुर में 103 रन और 22 फरवरी, 2013 को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गवास्कर ट्रॉफी में 107 रन की शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद से कोहली भारत में टेस्ट में कोई शतक नहीं लगा पाए हैं।
पहले टेस्ट मैच में फ्लॉप रहे कोहली
न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट मैच में विराट कोहली का बल्ला दोनों पारियों में खामोश रहा। पहली पारी में वो 9 रन बना पाए तो दूसरी पारी में उन्होंने 18 रन बनाए। अब टेस्ट कप्तान के तौर पर विराट के शतक का इंतजार और बढ़ गया है।