उत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा से छीनीं दो सीट
देहरादून [विकास धूलिया]। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका लगा है। उत्तराखंड की तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव में कांग्रेस ने दो महीने पहले के जनादेश को पलटते हुए भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया। धारचूला से मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की तो सोमेश्वर में ऐन चुनाव से पहले भाजपा का दामन झटक कांग्रेस में शामिल होने वाली रेखा आर्य ने कामयाबी हासिल की।
देहरादून [विकास धूलिया]। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हुए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका लगा है। उत्तराखंड की तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव में कांग्रेस ने दो महीने पहले के जनादेश को पलटते हुए भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया। धारचूला से मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की तो सोमेश्वर में ऐन चुनाव से पहले भाजपा का दामन झटक कांग्रेस में शामिल होने वाली रेखा आर्य ने कामयाबी हासिल की। डोईवाला सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पराजित कर कांग्रेस के लिए चुनावी स्कोर 3-0 कर दिया। इसके साथ ही 70 सदस्यीय विधानसभा में अब सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायकों का आंकड़ा 35 हो गया है और एक मनोनीत विधायक के साथ उसने बहुमत के आंकड़े 36 को छू लिया है।
देहरादून जिले की डोईवाला और अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा सीटें यहां के भाजपा विधायकों- डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक व अजय टम्टा के लोकसभा चुनाव में हरिद्वार और अल्मोड़ा सीट से सांसद बन जाने के कारण रिक्त हुई थी। पिथौरागढ़ जिले की धारचूला सीट कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए खाली की थी। गत एक फरवरी को मुख्यमंत्री पद संभालने वाले हरीश रावत के समक्ष 31 जुलाई से पहले राज्य विधानसभा का सदस्य बनने की बाध्यता थी।
21 जुलाई को इन तीनों सीटों के उपचुनाव के तहत मतदान हुआ और शुक्रवार को मतगणना हुई। धारचूला सीट पर मुख्यमंत्री हरीश रावत (31,207) ने भाजपा के बीडी जोशी (10,608) को 20,599 मतों के अंतर से पराजित किया।
उल्लेखनीय है कि राज्य की कांग्रेसनीत सरकार सात गैर कांग्रेसी विधायकों के समर्थन के बूते बहुमत जुटा सत्ता में है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी पांच सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए कब्जा किया था।
पढ़ें : भाजपा ने तीन जिलों में जिपं अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित किए