हरियाणा-यूपी के बीच 35 KM तक लगा लंबा जाम, लोग हुए परेशान
अव्यवस्था के चलते उत्तर प्रदेश और हरियाणा के हजारों लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बना जाम।
नोएडा (जेएनएन)। अव्यवस्था के चलते उत्तर प्रदेश और हरियाणा के हजारों लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बना जाम। बुधवार देर रात से उत्तर प्रदेश के जेवर से लेकर हरियाणा के पलवल तक 35 किलोमीटर तक लंबे जाम कारण लोग परेशान रहे। जाम के चलते जेवर कस्बे के अलावा खुर्जा व झाझर मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम लगने से बच्चे, बुजुर्ग व स्कूली बच्चे परेशान रहे। आए दिन लगने वाले जाम से जेवर व आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सड़क में बने गड्ढे भी जाम लगने का कारण बन रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं हुई।
जाम के कारण स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। जेवर-पलवल मार्ग पर करीब 35 किमी लंबा जाम यमुना एक्सप्रेस वे पर जेवर इंटरचेंज तक पहुंच गया। बुधवार रात दस बजे से जेवर आने जाने वाले सभी मार्गो पर जाम से लोगों का बुरा हाल रहा। बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक पुलिस प्रशासन जाम खुलवाने का प्रयास करता रहा। जाम के कारण मिनटों में तय होने वाला रास्ता घंटों में तय हो सका।