दो दिन छाए रहेंगे बादल, फिर छाएगी गहरी धुंध
तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण मौसम में आए परिवर्तन से बरसात का मौसम बन गया है। विभाग की मानें तो अभी दो दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही बूंदाबांदी का सिलसिला भी जारी रह सकता है। इसके बाद बादल छंट जाएंगे ओर गहरी धुंध
पानीपत [जागरण न्यूज नेटवर्क]। तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण मौसम में आए परिवर्तन से बरसात का मौसम बन गया है। विभाग की मानें तो अभी दो दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही बूंदाबांदी का सिलसिला भी जारी रह सकता है। इसके बाद बादल छंट जाएंगे ओर गहरी धुंध शुरू हो जाएगी। आइएमडी के अनुसार एक सप्ताह तक गहरी धुंध बनी रह सकती है। 15 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी बरकरार रहेगी। बादल छंटने के बाद न्यूनतम पारे में गिरावट आएगी।
यमुनानगर में मौसम का मिजाज कुछ मिलाजुला रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक पारा अभी और गिरेगा और आगामी दिनों में न्यूनतम पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। जींद में दिन भर चली हल्की बूंदाबांदी के बाद शनिवार सुबह से शाम तक आसमान बादलों से ढका रहा। मौसम विभाग के अनुसार सात जनवरी तक आसमान में इसी प्रकार से कभी हल्के तो कभी गहरे बादल छाये रहने की संभावना हैं। कैथल में शनिवार शाम हुई हलकी बूंदाबांदी ने फिर ठंड बढ़ा दी।
कुरुक्षेत्र में दिन भर आसमान में काली घटाएं छाई रही। विशेषज्ञों की मानें तो कोहरे और ठिठुरन से अभी राहत मिलने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और लुढ़कने वाला है। अंबाला में शनिवार को रुक-रुक हो रही बूंदाबांदी ने रफ्तार पर ब्रेक लगाए रखा। पानीपत में सुबह बौछारें पड़ी वहीं दिन भर बादल छाए रहे। अगले 24 घंटे में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती है। रविवार को फिर से धुंध कोहरा छाने की संभावना है।
नाइट्रोजन के रूप में हो रही बारिश
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि इस मौसम में जो हल्की बूंदाबांदी हो रही है वह गेहूं की फसल के लिए नाइट्रोजन क रूप में बरस रही है। इससे यूरिया खाद की खपत भी कम होगी। गेहूं के लिए जितनी अधिक ठंड होगी उतना फायदा होगा। नमी की मात्रा अधिक होने से गेहूं का दाना भी मोटा होगा।
बॉक्स
जिलेवार तापमान का ब्योरा
जिला अधिकतम न्यूनतम
यमुनानगर 20.0 7.0
जींद 17.0 7.0
कैथल 15.7 5.3
कुरुक्षेत्र 14.0 11.5
अंबाला 16.0 8.0
करनाल 15.7 10.2
पानीपत 15.0 9.0
हिसार 16.0 9.5
रोहतक 19 7
भिवानी 19 7
झज्जर 18 8
सिरसा 17.8 8.9
फतेहाबाद 15.3 5.2
(नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में)
ठंड से मौत
अंबाला : छावनी बस स्टैंड के नीचे मिले शव की पहचान नहीं हो सकी है। शनिवार सुबह मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए छावनी सिविल अस्पताल में रखा गया है। करीब चालिस साल के इस शख्स के बारे पुलिस संभावना जता रही है कि अत्याधिक ठंड तथा बीमारी के कारण इसकी मौत हुई। हेडकांस्टेबल राकेश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पढ़ें: दिल्ली में बारिश व पहाड़ों में बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन