कानपुर में धंसा हाईवे, भीषण जाम
लखनऊ-कानपुर राजमार्ग की सर्विस लेन सीवर लाइन लीकेज होने के कारण सोमवार को जाजमऊ क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे अचानक धंस गई। इससे लखनऊ से शहर की ओर आने वाली सर्विस लेन ठप हो गई। संयोग ठीक था कि कोई हादसा नहीं हुआ। सुबह से रात तक वाहन सवार भीषण जाम से जूझते हुए कराह उठे। नगर निगम
कानपुर, जागरण संवाददाता। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग की सर्विस लेन सीवर लाइन लीकेज होने के कारण सोमवार को जाजमऊ क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे अचानक धंस गई। इससे लखनऊ से शहर की ओर आने वाली सर्विस लेन ठप हो गई। संयोग ठीक था कि कोई हादसा नहीं हुआ।
सुबह से रात तक वाहन सवार भीषण जाम से जूझते हुए कराह उठे। नगर निगम के साथ ही एनएचएआइ की टीम मरम्मत कार्य में जुटी रही। संभावना है कि दो दिन तक मरम्मत कार्य होने से लोगों को जाम से जूझना पड़ेगा।
जाजमऊ क्षेत्र के छबीलेपुरवा सबस्टेशन के सामने सर्विस लेन अचानक भरभरा कर धंस जाने से आस पास के लोगों के साथ ही वाहन सवारों में हड़कंप मच गया। वाहनों की रफ्तार पर तुरंत ब्रेक लग गया। लोगों ने देखा कि सीवर लाइन लीकेज होने से नीचे की मिट्टी में पोल होने से सड़क धंस गई है। सड़क धंसने से करीब 15 फुट लंबा व 20 फुट गहरा गड्ढा हो गया। एहतियातन आस पास के लोगों ने ईट से घेराबंदी की व पेड़ की टहनियां गड्ढे में डाल दी, जिससे कोई हादसा न हो सके। सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। वाहनों की लंबी कतार देख सर्विस लेन बंद कर दी गई और गड्ढे के पास बेरिकेडिंग कर दी गई। वाहनों को एक ही सर्विस लेन से निकालने का फैसला किया गया। इससे यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई और हाईवे जाम हो गया। नगर निगम के कर्मचारी व एनएचएआइ के कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत में दो दिन लग सकते हैं और तब तक एक ही सर्विस लेन का उपयोग करना होगा। इससे दो दिनों तक हाईवे का जाम वाहन सवारों के पसीने छुड़ाएगा।