भीम हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार
पंजाब के अबोहर में हुए जघन्य भीम हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों को चंडीगढ़ के निकट लालड़ू से गिरफ्तार कर लिया है।
अबोहर, जागरण संवाददाता । पंजाब के अबोहर में हुए जघन्य भीम हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों को चंडीगढ़ के निकट लालड़ू से गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी पहले ही सोमवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर से पकड़ा जा चुका था। चारों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में दस नामजद लोगों के अलावा छह सात अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि शराब कारोबारी शिवलाल डोडा व अमित डोडा को धारा 120 बी (साजिश रचने) में नामजद किया हुआ है। डोडा के रामसरा गांव में स्थित फार्म हाउस में भीम की हाथ-पैर काटकर हत्या की गई थी।
डॉक्टरों ने सर्जरी कर कटे अंगों को जोड़ा
अबोहर में हुई नृशंस घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुए गुरजंट सिंह की सोमवार को सर्जरी कर दी गई लेकिन अभी उसे यह नहीं पता कि उसके साथी भीम की हैवानों ने हाथ-पैर काट हत्या कर दी। अमनदीप अस्पताल के डॉक्टरों ने गुरजंट के कटे हुए अंगों को जोड़कर प्लास्टर कर दिया है। इस घटना में गुरजंट सिंह की जांघ, घुटना, व बांह टूट गई थी। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल वह खतरे से बाहर है। 24 वर्षीय गुरजंट सिंह अभी भी उस घटना को याद कर सिहर उठता है। मंगलवार को जब केंद्रीय मंत्री विजय सांपला उससे मिले तो उसने धीरे-धीरे सारी घटना का उल्लेख कर दिया।