राष्ट्रपति भवन में अधिक से अधिक लोगों का आना हो सुलभ : कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि राष्ट्रपति भवन में अधिक से अधिक लोगों की पहुंच होनी चाहिए।
नई दिल्ली, आइएएनएस। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि राष्ट्रपति भवन में अधिक से अधिक लोगों की पहुंच होनी चाहिए। साथ ही इसके अपडेट वेबसाइट के जरिये अधिक से अधिक लोग इसका हिस्सा बन सकें यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन एक राष्ट्रीय संस्थान है और यह देश के सभी लोगों का है। जो लोग दिल्ली में रहते हैं, वे खुद यहां आ सकते हैं। लेकिन डिजिटल टेक्नोलॉजी और सोशल मीडिया के इस युग में राष्ट्रपति भवन के ऑनलाइन कम्युनिटी में अधिक से अधिक लोग वेबसाइट के जरिये इसका हिस्सा बन सकते हैं।
राष्ट्रपति शनिवार को अपनी प्रेस शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य और अच्छे आचरण के महत्व पर भी जोर दिया। राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों के साथ यह उनकी दूसरी बैठक थी। इससे पहले पांच अगस्त को उन्होंने सैन्य शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की थी।